विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, कोण्डागांव के न्यायिक कर्मचारियों के आवासीय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोण्डागांव के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान हर्रा, बहेड़ा और साल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल तथा न्यायालय के समस्त कर्मचारियों ने भी पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और वृक्षारोपण के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करना था। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का सकारात्मक संदेश दिया।
