सूरजपुर। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर श्री थॉमस एक्का के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो ने शनिवार को थाना ओड़गी एवं थाना झिलमिली का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ के अंतर्गत थानों में नियुक्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) के कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने थानों में आने वाले फरियादियों, विशेष रूप से बच्चों से जुड़े मामलों की निगरानी, गरीब एवं कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने में पैरा लीगल वॉलंटियर्स की भूमिका का विस्तृत मूल्यांकन किया।
सुश्री पायल टोपनो ने दोनों थाना प्रभारियों से पैरा लीगल वॉलंटियर्स की उपस्थिति, उनके दायित्वों तथा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने थानों में आम नागरिकों के लिए उपलब्ध डिजिटल एवं भौतिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि थाना ओड़गी और थाना झिलमिली में नियुक्त दोनों पैरा लीगल वॉलंटियर्स बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर ने कहा कि उसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों, महिलाओं, गरीब एवं कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा न्याय तक उनकी आसान और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि विधिक सहायता संबंधी किसी भी आवश्यकता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर से संपर्क करें। निःशुल्क विधिक सहायता के लिए नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
