Kawardha : सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, सुलभ और सहमति आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत-2026) के लिए मामलों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत में संदर्भित कराने के लिए ऑनलाइन गूगल फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
समाधान समारोह का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से हो चुका है, जबकि इसका मुख्य आयोजन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत के रूप में किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत में केवल वे मामले शामिल किए जाएंगे जो वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं और जिनका निपटारा आपसी सहमति, सुलह या मध्यस्थता के माध्यम से संभव है।
विशेष लोक अदालत के आयोजन से पहले देशभर के राज्य, जिला, तहसील तथा उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में लगातार सुलह एवं मध्यस्थता की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और संबंधित विधिक सेवा प्राधिकरणों के अधिकारी पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पक्षकार चाहें तो इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हो सकते हैं या ऑनलाइन माध्यम से भी भाग ले सकते हैं।
विशेष लोक अदालत में बैंकिंग विवाद, दीवानी मामले, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, क्षतिपूर्ति संबंधी मामले, परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (एनआई एक्ट) के मामले, पारिवारिक विवाद, श्रम संबंधी प्रकरण, भूमि अधिग्रहण, संपत्ति कर, सेवा संबंधी विवाद, किरायेदारी एवं बेदखली के मामले, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर से जुड़े विवाद सहित ऐसे सभी मामलों को शामिल किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी सहमति के आधार पर संभव है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने उपयुक्त मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कराकर शीघ्र, प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करें। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे इच्छुक पक्षकार सरलता से भरकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत-2026) से संबंधित विस्तृत जानकारी सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए स्थापित वन स्टॉप (वार रूम) के दूरभाष क्रमांक 011-23115652 और 011-23116464 पर संपर्क किया जा सकता है।
