बलौदाबाजार जिले के सिमगा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर की शाखा के शाखा प्रबंधक जेठू राम लहरी के खिलाफ जनपद पंचायत सदस्य जीत त्रिलोक कुर्रे ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। शिकायत में बैंक की विभिन्न गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, शाखा प्रबंधक पर बैंक के कार्यों में कई प्रकार की वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएं किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कई सहकारी समितियों में सूखत (सुखत) के नाम पर कथित रूप से फर्जी तरीके से राशि का आहरण किया गया है। इसके अलावा बैंक के संचालन से जुड़े अन्य मामलों में भी नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है।
जनपद सदस्य ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने शाखा प्रबंधक को पद से हटाने की मांग भी की है।
फिलहाल यह शिकायत जांच के स्तर पर है। संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले में जांच पूरी होने तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
