राजस्व कार्यों में लापरवाही पर सरिया के पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत निलंबित, कलेक्टर ने की कार्रवाई

The Rajpatra Law

सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राजस्व कार्यों में लगातार लापरवाही बरतने और आम नागरिकों के कार्य समय पर नहीं करने के आरोपों के चलते सरिया तहसील के पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिकायतों की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मई को ग्राम पुजेरीपाली में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित पटवारी अपने हल्के में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते हैं, फोन कॉल का जवाब नहीं देते तथा राजस्व से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण नहीं करते। शिकायत के बाद जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में इन आरोपों की पुष्टि हुई।

जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि तहसीलदार, सरिया द्वारा राजस्व एवं अन्य विभागीय कार्यों में लापरवाही को लेकर पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत को दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया।

प्रशासन ने पाया कि नक्शा बटांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार लापरवाही और कार्यों में सुधार नहीं होने पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत को निलंबित करने के आदेश जारी किए।

निलंबन अवधि के दौरान वीरेंद्र सिंह राजपूत का मुख्यालय तहसील कार्यालय बरमकेला निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व सेवाओं में लापरवाही और आम नागरिकों के कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।