कोण्डागांव में सेवा संकल्प अभियान के तहत बालक-बालिका गृह के बच्चों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन

Community Feast Organized for Children in Kondagaon

कोण्डागांव, 19 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार संध्या को कोण्डागांव में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालक एवं बालिका गृह के बच्चों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रीतिभोज के उपरांत बच्चों के लिए विविध मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह आयोजन बच्चों के लिए खुशियों भरे और यादगार पलों का रहा।

कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, मनोज जैन एवं सोनामणि पोयाम सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के प्रति सेवा और संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 अक्टूबर से विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों के लिए सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया है।

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ करें तथा अपने कार्यों से अपना नाम रोशन करें। बच्चों की उपलब्धियों से उनके परिवार, समाज और जिले का नाम भी गौरवान्वित होगा।