जशपुरनगर, 19 अक्टूबर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं और ऋषियों के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट कर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास में पुलिस ने एक आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम जब्त कर लिए गए हैं तथा उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
विश्व हिन्दू परिषद जशपुर के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (निवासी चराईडांड़) ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक अकाउंट से एक पोस्ट देखी, जिसमें हिन्दू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं। इससे हिन्दू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और समाज में आक्रोश फैला। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार बेदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 199 और 299 के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कुनकुरी पुलिस ने त्वरित विवेचना शुरू की। जब पुलिस टीम नोटिस तामील कराने आरोपी हेमंत कुमार बेदी के ग्राम बिहावल, पतराटोली, चौकी दोकड़ा, थाना कांसाबेल पहुंची, तो वह पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम जब्त कर लिए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 17 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
