राजस्व कार्यों, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन तथा समय-सीमा बैठक में सौंपे गए कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ की कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर ने कार्यों के प्रति उदासीनता पाए जाने पर जिले के आठ तहसीलदारों और एक सहायक तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें उप तहसील कोसीर के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ के तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव एवं सहायक तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा के तहसीलदार मोहन साहू, भटगांव की तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला के तहसीलदार पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ के तहसीलदार कमलेश सिदार तथा सरिया की तहसीलदार कोमल साहू शामिल हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता वाले राजस्व कार्यों, किसान पंजीयन और समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
