रायपुर, 14 अगस्त 2026। पश्चिम जोन के सभी थानों में शुक्रवार को एक साथ ई-मालखाना 2.0 का शुभारंभ किया गया। थाना टिकरापारा और थाना न्यू राजेंद्र नगर में आयुक्त संजीव शुक्ला ने ई-मालखाना 2.0 का उद्घाटन किया, जबकि थाना खमतराई में अतिरिक्त आयुक्त अमित कांबले ने इसका शुभारंभ किया।
एक साथ 10 नए थानों में ई-मालखाना 2.0 शुरू होने के साथ ही रायपुर कमिश्नरेट के सभी 21 थाने इस आधुनिक डिजिटल प्रणाली से जुड़ गए हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य मालखाना प्रबंधन को अधिक आधुनिक, सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
ई-मालखाना 2.0 की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता प्रत्येक जब्त संपत्ति और केस प्रॉपर्टी को यूनिक बारकोड आधारित डिजिटल पहचान प्रदान करना है। अब मालखाने में जमा प्रत्येक वस्तु को एक विशिष्ट बारकोड दिया जाएगा। बारकोड को स्कैन करते ही संबंधित प्रकरण, जब्ती का विवरण, जमा करने की तिथि, वर्तमान स्थिति और अन्य आवश्यक जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी।
इस डिजिटल व्यवस्था से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जब्त सामग्री की पहचान, निगरानी, खोज और प्रबंधन में सुविधा होगी। साथ ही, केस प्रॉपर्टी के रखरखाव और उसकी स्थिति की निगरानी अधिक व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी। इससे मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
आज ई-मालखाना 2.0 की शुरुआत जिन थानों में की गई, उनमें टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई सहित पश्चिम जोन के 10 थाने शामिल हैं।
रायपुर कमिश्नरेट के सभी 21 थानों के ई-मालखाना 2.0 से जुड़ने के बाद जब्त संपत्तियों और केस प्रॉपर्टी के प्रबंधन की प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप मिलेगा। इससे पुलिसिंग व्यवस्था में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ लंबित और पुराने मालखाना रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में भी मदद मिलेगी।
