वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने राधारानी जी के पावन प्राकट्य दिवस राधाष्टमी के अवसर पर छत्तीसगढ़वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने राधारानी जी से प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राधाष्टमी श्रद्धा, भक्ति और प्रेम का पावन पर्व है। भारतीय भक्ति परंपरा में राधारानी जी को प्रेम, करुणा, त्याग और समर्पण की प्रतीक माना जाता है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के प्रति श्रद्धा को और गहरा करने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि राधारानी की भक्ति मनुष्य को निःस्वार्थ प्रेम, सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है। राधाष्टमी का पर्व हमें आपसी सौहार्द बनाए रखने और समाज में सकारात्मक भावनाओं को मजबूत करने का संदेश देता है।
श्री चौधरी ने कामना की कि राधारानी जी की कृपा से छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने प्रदेश के निरंतर विकास, प्रगति और खुशहाली के लिए भी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
