रायगढ़ जिले में पांच दिनों से लापता एक युवक का शव जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान भगवानपुर क्षेत्र निवासी अभिषेक राजभर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी-गाजीपुर क्षेत्र का रहने वाला था। युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक राजभर पिछले पांच दिनों से घर से गायब था। उसके परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस के साथ-साथ स्वयं भी उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में एक शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान अभिषेक के रूप में की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
युवक का शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
