कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र अंतर्गत बेलभाटा में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे के बाद एक घायल युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय पर एंबुलेंस और ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध हो जाती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।
जानकारी के अनुसार बेलभाटा में एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि रात करीब 8 बजे 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई थी, लेकिन एंबुलेंस लगभग ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान गंभीर रूप से घायल घुड़उ राम माली की हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के लिए आगे ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने बताया कि घायल युवक को तत्काल ऑक्सीजन और बेहतर चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता थी। उनका कहना है कि यदि एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती और आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल जाती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है तथा उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
