कोंडागांव में ओवररेट पर खाद बिक्री की शिकायत सही पाई गई, कृषि विभाग ने उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित किया

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज एक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग ने मेसर्स उन्नत कृषि केन्द्र, कोंडागांव का उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित कर दिया है। विभाग की जांच में किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

कृषि विभाग द्वारा रविवार शाम जारी विज्ञप्ति के अनुसार ग्राम बनजुगानी (कराठी आलवाड़) निवासी किसान हेमलाल नेताम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित उर्वरक विक्रेता किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूल रहा है। शिकायत प्राप्त होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच की।

जांच के दौरान उर्वरक विक्रय से संबंधित दस्तावेजों और बिक्री अभिलेखों का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में अनियमितता पाए जाने पर कृषि विभाग ने उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रावधानों के तहत मेसर्स उन्नत कृषि केन्द्र का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृषि आदानों की निर्धारित दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अधिक मूल्य पर खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री बेची जा रही हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दें।