रायपुर – डाक सेवाओं से संबंधित उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर द्वारा 29 जून 2026 को परिमंडल स्तरीय डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह डाक अदालत सोमवार को शाम 4 बजे जय स्तंभ चौक स्थित रायपुर प्रधान डाकघर भवन की द्वितीय मंजिल में आयोजित होगी।
डाक अदालत में डाक वस्तुओं के वितरण, काउंटर सेवाओं, लघु बचत योजनाओं, आवर्ती जमा खातों, बचत बैंक खातों, बचत पत्रों, रजिस्ट्री, मूल्य देय पार्सल, एक्सप्रेस पार्सल, स्पीड पोस्ट, मनीऑर्डर, डाक जीवन बीमा तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय ने डाक उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उनकी कोई शिकायत लंबित है तो वे उसका पूर्ण विवरण निर्धारित प्रारूप में 24 जून 2026 को दोपहर 2 बजे तक मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर के कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त शिकायतों को इस डाक अदालत में शामिल नहीं किया जाएगा।
डाक विभाग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान सुनिश्चित करना और डाक सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही को और अधिक मजबूत बनाना है। विभाग ने अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी लंबित शिकायतों के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
