छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन प्रतिवेदन (APAR) को ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। विभाग ने 3 जून 2026 को जारी आदेश में APAR लेखन, समीक्षा और स्वीकृति की प्रक्रिया के लिए विभिन्न पदों के अनुसार जिम्मेदार अधिकारियों के चैनल निर्धारित किए हैं।
विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के 23 मई 2025 के परिपत्र के अनुरूप सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के APAR अब SPARROW पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। विभाग ने पाया कि निर्धारित चैनलों के अनुरूप जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण ऑनलाइन मूल्यांकन प्रक्रिया में कठिनाइयाँ आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पदों के लिए रिपोर्टिंग, समीक्षा और स्वीकृति अधिकारियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की गई है।
जारी आदेश के अनुसार प्रमुख अभियंता से लेकर जमादार, भृत्य तथा सफाई कर्मचारियों तक सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए अलग-अलग APAR चैनल निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख अभियंता के APAR में भारत सरकार के सचिव, मुख्य सचिव और संबंधित मंत्री की भूमिका तय की गई है, जबकि अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्टिंग और समीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग ने सभी संबंधित कार्यालयों को निर्देश दिया है कि 31 मार्च 2026 तक की अवधि के APAR लेखन के लिए निर्धारित प्रारूप में जानकारी संकलित कर संबंधित कस्टोडियन अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। इससे ऑनलाइन APAR प्रणाली के संचालन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी सभी आदेशों और निर्देशों को अधिस्थगित करते हुए नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित चैनलों के अनुसार ही APAR प्रक्रिया का पालन करना होगा।
