झीरम घाटी नक्सली हमले में NIA कोर्ट का बड़ा फैसला, सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया; 16 सितंबर को सजा पर आदेश

National Investigation Agency - NIA

जगदलपुर। झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में जगदलपुर स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने सभी 10 जीवित आरोपियों को विभिन्न धाराओं के तहत दोषी करार दिया है। इस मामले में कुल 11 आरोपियों पर मुकदमा चला था, जिनमें से एक की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो गई।

अदालत ने सभी 10 आरोपियों, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, को 29 लोगों की हत्या और 15 अन्य लोगों की हत्या के प्रयास का दोषी पाया है। अदालत ने सजा की मात्रा पर आदेश सुरक्षित रख लिया है। मामले में सजा पर फैसला 16 सितंबर को सुनाया जाएगा।

गौरतलब है कि मई 2013 में माओवादियों ने छत्तीसगढ़ के झीरम घाटी में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर घात लगाकर हमला किया था। इस भीषण हमले में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं समेत कुल 29 लोगों की मौत हुई थी।

हमले के दौरान हुई करीब डेढ़ घंटे तक चली गोलीबारी में 15 से अधिक लोग घायल भी हुए थे। मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने की थी।