छत्तीसगढ़ में UCC को लेकर कल रायपुर में राज्य स्तरीय बैठक, 200 लोगों से होगा मंथन

UCC Chhattigarh

छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की मौजूदगी में शुक्रवार को रायपुर में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े करीब 200 लोगों को विस्तृत चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें विभिन्न आयोगों, निगमों, मंडलों और विकास प्राधिकरणों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समुदाय प्रमुख, प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि और विषय विशेषज्ञ शामिल हैं।

बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों, इसके संभावित सामाजिक प्रभाव और राज्य में इसके क्रियान्वयन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

इस दौरान विभिन्न वर्गों और समुदायों के प्रतिनिधियों से सुझाव और विचार लिए जाने की संभावना है। इन विचार-विमर्श के माध्यम से उच्चस्तरीय समिति राज्य में समान नागरिक संहिता के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने और आवश्यक सुझाव तैयार करने का प्रयास करेगी।