पेंड्रा रोड में अतिरिक्त न्यायालय भवन का उद्घाटन, मुख्य न्यायाधीश ने कहा, सुदृढ़ न्यायिक अधोसंरचना से न्याय व्यवस्था होगी अधिक प्रभावी

CJ Ramesh Sinha

बिलासपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने गुरुवार को जिला बिलासपुर के पेंड्रा रोड स्थित सिविल न्यायालय परिसर में नव-निर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने भवन का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कहा कि आधुनिक, सुदृढ़ और सुविधायुक्त न्यायालय भवन प्रभावी न्याय वितरण प्रणाली की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर न्यायिक अधोसंरचना से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों तथा न्याय की अपेक्षा लेकर आने वाले नागरिकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होता है, जिससे न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होता है।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जिला एवं उपखंड स्तर पर न्यायिक अधोसंरचना का निरंतर विस्तार समय की आवश्यकता है। इससे आम नागरिकों के लिए न्याय तक पहुंच अधिक सरल होगी और मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य केवल न्याय प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उसे पारदर्शी, सुगम और जनोन्मुखी बनाना भी है।

उन्होंने यह भी कहा कि अतिरिक्त न्यायालय भवनों का निर्माण न्यायपालिका की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके माध्यम से बढ़ते न्यायिक कार्यभार के अनुरूप न्यायालयों की क्षमता का विस्तार किया जा रहा है। ऐसी परियोजनाएं न केवल न्यायालय प्रशासन और कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाती हैं, बल्कि आम जनता के बीच न्यायपालिका के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय राज्यभर में न्यायिक अधोसंरचना के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

यह कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं जिला बिलासपुर के पोर्टफोलियो न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवीन्द्र कुमार अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

समारोह में उच्च न्यायालय के महापंजीयक एवं रजिस्ट्री के अधिकारी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर, विभिन्न न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, न्यायालयीन कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर श्री सिराजुद्दीन कुरैशी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने उपस्थित सभी माननीय न्यायाधीशों एवं अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात पेंड्रा रोड में निर्मित नए अतिरिक्त न्यायालय भवन पर आधारित एक प्रस्तुति प्रदर्शित की गई, जिसमें भवन की आधुनिक सुविधाओं और अधोसंरचना का परिचय कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में पेंड्रा रोड के प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री अरविंद कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए माननीय न्यायाधीशों, न्यायालय के अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा सभी संबंधित पक्षों के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

पेंड्रा रोड में अतिरिक्त न्यायालय भवन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा राज्य में न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस पहल से न्यायालयों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, न्यायिक प्रशासन और अधिक प्रभावी होगा तथा प्रदेश के नागरिकों को समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य को नई गति मिलेगी।