एनएचआरसी आयोजित करेगा ग्लोबल साउथ के मानवाधिकार संस्थानों के लिए छह दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम

National Human Rights Commission NHRC

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) कल से ग्लोबल साउथ के देशों के राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों (NHRIs) के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए मानवाधिकार विषय पर छह दिवसीय भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (ITEC) कार्यकारी क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित करेगा।

विदेश मंत्रालय के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम 19 सितंबर को संपन्न होगा। इसका उद्घाटन NHRC के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमणियन करेंगे।

NHRC के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य सहभागी राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों की क्षमताओं को मजबूत करना तथा अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से संबंधित देशों में मानवाधिकारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

आयोग ने बताया कि यह अनुकूलित कार्यक्रम सहभागी राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें आयोग द्वारा पूर्व में आयोजित चार ITEC क्षमता निर्माण कार्यक्रमों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक को भी शामिल किया गया है।