छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रथम चरण (एचडीईओ-26) परीक्षा का आयोजन 28 जून 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। इसी दिन पी.ए.टी./पी.वी.पी.टी. प्रवेश परीक्षा (पीएटी/पीवीपीटी-26) भी सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिले में इन परीक्षाओं के लिए कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,856 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए व्यापक प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 28 जून को सुबह 7 बजे से जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा।
परीक्षा व्यवस्था की निगरानी एवं समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर रायपुर श्री उपेन्द्र किण्डो को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी श्री केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
