बालोद जिले में ट्रकों और बसों से डीजल चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिले में सक्रिय एक अंतरराज्यीय डीजल चोरी गिरोह के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि हालिया कार्रवाई में गिरोह के नौ अन्य सदस्यों को पकड़ लिया गया। इस तरह मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात सड़कों किनारे खड़े ट्रकों, बसों और अन्य भारी वाहनों के डीजल टैंकों का ताला तोड़कर ईंधन चोरी करते थे। चोरी किए गए डीजल को विभिन्न स्थानों पर कम कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाया जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश पंजीयन की दो स्कॉर्पियो वाहन, एक टैंकर वाहन, तीन मोबाइल फोन सहित कुल छह वाहनों को जब्त किया है। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों में सक्रिय था तथा संगठित तरीके से डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। बालोद पुलिस ने कहा है कि जिले में संगठित अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
