धर्मजयगढ़ में केपीसीएल के प्रस्तावित ओपन कोल ब्लॉक का विरोध तेज, ग्रामीणों ने निरस्तीकरण की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र में कर्नाटक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केपीसीएल) के प्रस्तावित ओपन कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। ग्राम पंचायत बायसी कॉलोनी की ग्राम सभा ने परियोजना को निरस्त करने की मांग करते हुए केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र भेजा है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम धर्मजयगढ़ को ज्ञापन भी सौंपा।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित ओपन कोल ब्लॉक के लिए लगभग 1610.75 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित होगा, जिससे कृषि भूमि, वन क्षेत्र और स्थानीय पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना के कारण क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों, जल स्रोतों तथा वनाधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और बड़ी संख्या में लोगों के विस्थापन की आशंका भी है।

ग्राम सभा के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में कहा है कि क्षेत्र की आजीविका मुख्य रूप से कृषि एवं वनोपज पर निर्भर है। ऐसे में कोयला खनन परियोजना शुरू होने से स्थानीय निवासियों के सामने रोजगार और जीवनयापन का संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय एवं सामाजिक प्रभावों का व्यापक अध्ययन कराने तथा जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कोल ब्लॉक आवंटन को रद्द करने की मांग की है।

इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि उनकी आपत्तियों और मांगों को राज्य तथा केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाए। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

धर्मजयगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर बढ़ते विरोध के बीच अब यह मामला पर्यावरण संरक्षण, वनाधिकार और स्थानीय हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बनता जा रहा है।