दिल्ली पुलिस के मध्य जिला पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय शिशु तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच नवजात शिशुओं को सुरक्षित बचाया तथा तीन लाख रुपये से अधिक नकद राशि भी बरामद की है।
जांच में सामने आया है कि दिल्ली स्थित हीरा मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल का उपयोग शिशु तस्करी के केंद्र के रूप में किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, यहां संतान प्राप्ति में असमर्थ दंपतियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के सौदे किए जाते थे। गिरोह कथित रूप से विभिन्न राज्यों से नवजात शिशुओं को लाकर अवैध रूप से बेचने का काम कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि पिछले एक से दो वर्षों के दौरान 30 से अधिक नवजात शिशुओं की तस्करी की गई हो सकती है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है तथा अस्पताल की भूमिका समेत तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। बचाए गए शिशुओं की सुरक्षा और उनके पुनर्वास के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
