रायपुर में 11 जून को होगी भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर संसदीय समिति की बैठक, कृषि विभाग ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी

Chhattisgarh Government

भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों के मूल्यांकन को लेकर राज्यसभा की विभाग संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक 11 जून 2026 को रायपुर में आयोजित की जाएगी। समिति की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डोला सेन करेंगी। बैठक के सफल आयोजन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने अपने अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

कृषि विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक महेंद्र सिंह सर्वी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय के अपर संचालक जी.के. पीढ़िया को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। इन अधिकारियों को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, एपीडा (APEDA) तथा अन्य संबंधित हितधारकों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने का दायित्व सौंपा गया है।

दस्तावेजों के अनुसार संसदीय समिति का यह अध्ययन दौरा भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। समिति 10 से 12 जून 2026 तक अहमदाबाद, रायपुर और भुवनेश्वर का दौरा करेगी। रायपुर में आयोजित बैठक के दौरान कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात, कृषि अवसंरचना, बीमा, वित्तीय सहायता और व्यापार संवर्धन जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।

बैठक की तैयारियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इनमें सांसदों और अधिकारियों के लिए संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति, परिवहन व्यवस्था, बैठक कक्ष की तैयारी, प्रस्तुतीकरण की समय-सीमा, दस्तावेजों की उपलब्धता तथा मीडिया कवरेज संबंधी नियम शामिल हैं। समिति के सदस्यों को राज्य के कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, एपीडा, नाबार्ड, कृषि बीमा कंपनियों और अन्य संस्थाओं के साथ संवाद का अवसर मिलेगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इस उच्चस्तरीय बैठक से छत्तीसगढ़ के कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने के लिए राज्यों की भूमिका और संभावनाओं पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।