दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए दिल्ली पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक एडवाइजरी, जेएलएन स्टेडियम के आसपास रहेगा डायवर्जन; मेट्रो सेवाएं आधी रात तक बढ़ीं

Delhi Police - DP

गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने आज के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में होने वाले इस कॉन्सर्ट के कारण यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन दोपहर 1 बजे से आधी रात तक लागू रहेंगे।

एडवाइजरी के अनुसार, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर और लोधी कॉलोनी फ्लाईओवर के बीच लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, 4थ एवेन्यू रोड, 5वां एवेन्यू रोड, सीजीओ कॉम्प्लेक्स की आंतरिक सड़कों और जेएलएन स्टेडियम के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा।

बरापुल्ला फ्लाईओवर पर आईएनए से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 2 के बीच, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कों पर भी यातायात बाधित हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, जेएलएन स्टेडियम के आसपास प्रभावित सड़कों से बचें और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। वायलेट लाइन से यात्रा करने वाले यात्री गेट 13, 14 और 17 तक पहुंचने के लिए जेएलएन स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं।

येलो लाइन का उपयोग करने वाले यात्री आईएनए या जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मोटर चालकों से धैर्य बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और क्षेत्र में तैनात ट्रैफिक कर्मियों के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने घोषणा की है कि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं आज आधी रात तक बढ़ाई गई हैं। डीएमआरसी ने कहा कि वह कार्यक्रम के बाद दर्शकों के सुगम निकासी में मदद के लिए नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप चलाएगा। उसने यह भी कहा कि यात्री यातायात में किसी भी अप्रत्याशित वृद्धि से निपटने के लिए स्टैंडबाय ट्रेनें भी तैयार रखी जाएंगी।