रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धा और उल्लास के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गणपति की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ के लोगों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। भारतीय परंपरा में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से करने की मान्यता रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष महत्व है। ये पर्व लोगों को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ परिवार और समाज को भी एक सूत्र में बांधते हैं।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव का उल्लास सामूहिकता, भाईचारे और लोकमंगल की भावना को मजबूत करता है तथा समाज में आपसी सद्भाव का संदेश देता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह तथा मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
