एचएनएलयू रायपुर ने बैंकॉक में रचा इतिहास, 20 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ बहुपक्षीय एमओयू पर किए हस्ताक्षर

HNLU AUAP-WURI

छत्तीसगढ़ के हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित प्रतिष्ठित एयूएपी-डब्ल्यूयूआरआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान 20 अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ एक ऐतिहासिक बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के माध्यम से उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्रों में वैश्विक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

9 और 10 जुलाई 2026 को बैंकॉक के आईकॉनसियाम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और शिक्षाविदों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य विषय विश्वविद्यालय नवाचार, नीतिगत सहयोग और सामाजिक प्रभाव पर केंद्रित था।

सम्मेलन में एचएनएलयू का प्रतिनिधित्व कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानन्दन ने किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के अभिनव रिसर्च हब एंड स्पोक (R-HaS) मॉडल पर आधारित केस स्टडी प्रस्तुत करते हुए एचएनएलयू की अंतर्विषयी अनुसंधान प्रणाली, बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाओं और समाजोन्मुख अनुसंधान की वैश्विक स्तर पर प्रभावी भूमिका को रेखांकित किया। उनकी प्रस्तुति को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने सराहा।

कुलपति प्रो. विवेकानन्दन ने कहा कि यह बहुपक्षीय एमओयू एचएनएलयू के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान एयूएपी के महासचिव प्रो. डॉ. अनूप स्वरूप और कार्यकारी सचिव डॉ. सुपापोर्न चुआंगचिद के साथ संयुक्त शोध परियोजनाओं, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, संकाय एवं छात्र विनिमय कार्यक्रमों सहित कई विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

समझौते के तहत सभी सहभागी संस्थान संयुक्त रूप से वैश्विक महत्व की अनुसंधान एवं नवाचार परियोजनाएं संचालित करेंगे। इसके अलावा संकाय, शोधार्थियों और छात्रों के लिए विनिमय कार्यक्रम, नवाचार एवं स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मेलन, कार्यशालाओं और केस स्टडी विकसित करने पर भी सहयोग किया जाएगा।

एयूएपी एशिया-प्रशांत क्षेत्र का प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय संगठन है, जो उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग और नेतृत्व विकास को बढ़ावा देता है। वहीं डब्ल्यूयूआरआई ऐसी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली है, जो विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन सामाजिक प्रभाव, उद्योग सहयोग, नवाचार, उद्यमिता और नैतिक नेतृत्व जैसे मानकों के आधार पर करती है।

देश के अग्रणी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में शामिल एचएनएलयू रायपुर अपने R-HaS मॉडल, अनुभवात्मक अधिगम और लोकनीति आधारित अनुसंधान के माध्यम से वैश्विक विधि शिक्षा में अपनी मजबूत पहचान लगातार स्थापित कर रहा है।