उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को कांकेर सिटी कोतवाली में प्रदेश के पहले क्यूआर कोड आधारित ई-मालखाना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला पुलिस को प्राप्त एक नई बस सहित चार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ई-मालखाना का अवलोकन कर जब्तशुदा सामानों की ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रक्रिया की जानकारी ली और इस डिजिटल पहल को पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और आधुनिक प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने बताया कि ई-मालखाना एक आधुनिक डिजिटल प्रबंधन प्रणाली है, जिसके माध्यम से विभिन्न आपराधिक मामलों में जब्त की गई संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य केस प्रॉपर्टी का सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इस प्रणाली का उद्देश्य जब्त सामग्री के रखरखाव को अधिक सुरक्षित, सुगम और जवाबदेह बनाना है, ताकि विवेचना एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक वस्तुएं कम समय में उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने बताया कि ई-मालखाना में जब्त किए गए वाहन, मोबाइल फोन, नकदी, हथियार, आभूषण, मादक पदार्थों से संबंधित सामग्री, संपत्ति के दस्तावेज तथा अन्य केस प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाता है। इससे प्रत्येक वस्तु का सुरक्षित डेटा उपलब्ध रहेगा और रिकॉर्ड के प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
जिला पुलिस द्वारा विकसित इस प्रणाली में प्रत्येक बॉक्स के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड तैयार किया गया है। क्यूआर कोड स्कैन करते ही संबंधित अपराध प्रकरण का पूरा विवरण, जब्त सामान की सूची, संख्या, तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाती है। इससे रिकॉर्ड की खोज आसान होने के साथ-साथ डिजिटल अभिलेखों का संरक्षण और पेपरलेस कार्य प्रणाली को भी बढ़ावा मिलेगा।
कांकेर पुलिस ने प्रदेश में पहली बार मालखाने के डिजिटलीकरण के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था लागू की है। अब तक राज्य के थानों में बारकोड स्कैनर आधारित व्यवस्था प्रचलित थी, लेकिन क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल मालखाना प्रबंधन प्रणाली की शुरुआत पहली बार कांकेर से की गई है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद श्री भोजराज नाग, विधायक श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी सहित गृह विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
