मुंद्रा पोर्ट 3,000 किलोग्राम ड्रग्स मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली के पांच ठिकानों पर छापेमारी

Directorate of Enforcement - ED

मुंद्रा पोर्ट से 3,000 किलोग्राम मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को दिल्ली में पांच स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई मामले में अवैध रूप से अर्जित धन के निवेश और उसके वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है।

ईडी अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी हरप्रीत सिंह तलवार, शमशुद्दीन तथा उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर की गई। जांच एजेंसी को संदेह है कि मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन का उपयोग दिल्ली के कई नाइट क्लबों में निवेश करने के लिए किया गया था। इसी वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हरप्रीत सिंह तलवार को इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसी मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि, हाल ही में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई है। अब ईडी धनशोधन के पहलुओं की अलग से जांच कर रही है और कथित अवैध कमाई के स्रोत, निवेश तथा उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

ईडी ने बताया कि तलाशी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।