अंबिकापुर में कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने सोनहत थाना क्षेत्र में कार में आग लगने की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
पत्रकारों द्वारा घटना के संबंध में पूछे गए सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े विवाद लगातार गंभीर रूप ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस रेत माफियाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सफल नहीं हो पा रही हैं। सिंहदेव ने कहा कि यदि ऐसी घटनाओं को रोकना है तो रेत खनन की ठेकेदारी व्यवस्था की समीक्षा कर इसे बंद करने पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सिंहदेव ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
