अंबिकापुर में कथित वायरल ऑडियो पर बढ़ा विवाद, महापौर मंजूषा भगत ने दर्ज कराई शिकायत, बोलीं- परिवार को बदनाम करने की साजिश

The Rajpatra

अंबिकापुर में महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया से जुड़े कथित वायरल ऑडियो का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शहर में इस ऑडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है। इस बीच महापौर मंजूषा भगत ने सोमवार को मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आजाक थाने में शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है।

महापौर ने पुलिस से शिकायत करते हुए वायरल किए जा रहे कथित ऑडियो की सत्यता की जांच कराने और इसके पीछे शामिल लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के जरिए उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान महापौर मंजूषा भगत भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने कहा कि उन्हें तथा उनके परिवार को बदनाम करने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक और व्यक्तिगत कारणों से उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।

महापौर ने कहा कि वह कानून और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा रखती हैं तथा उन्हें उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कथित वायरल ऑडियो की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मामले को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है और सभी की नजरें जांच के परिणाम पर टिकी हुई हैं।