कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोरगांव स्थित जिला सहकारी बैंक के पास ट्रक और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर की चपेट में सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाएं आ गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और पास से गुजर रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायल महिलाओं को केशकाल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है और यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
