अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियां तेज, छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों को जारी हुए निर्देश

Chhattisgarh Government

छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए राज्य के सभी नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने सभी नगरीय निकायों को आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर योग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं अन्य नगरीय निकायों को भी आयुष मंत्रालय और छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा जारी कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन ने कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। साथ ही सभी सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों और नगरीय निकाय कार्यालयों में योग दिवस संबंधी प्रचार-प्रसार, बैनर और होर्डिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके अलावा सभी विभागों और संस्थाओं को योग संगम पोर्टल पर पंजीयन कर कार्यक्रम की फोटो और वीडियो अपलोड करने तथा नागरिकों को मायगव मंच पर आयोजित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। शासन ने स्थानीय योग संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।