छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के सभी नगरीय निकायों को लिगेसी वेस्ट (पुराने ठोस कचरे) के निपटान में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य के 189 नगरीय निकायों में चिन्हित 192 लिगेसी वेस्ट डंप साइटों पर लगभग 3.86 लाख मीट्रिक टन कचरा मौजूद है, जिसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाना आवश्यक है।
आदेश में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रकरण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि लिगेसी वेस्ट का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में स्थित डंप साइटों का निपटान निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें और नए लिगेसी वेस्ट डंप साइटों के निर्माण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में लिगेसी वेस्ट डंप साइटों का निराकरण पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी माना जाएगा और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस संबंध में रिपोर्ट राष्ट्रीय हरित अधिकरण के समक्ष भी प्रस्तुत की जाएगी। यह आदेश 18 जून 2026 को जारी किया गया है।
