प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के छह ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई पंजाब के लुधियाना और जालंधर, उत्तर प्रदेश के बरेली तथा दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में की जा रही है।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, जिन परिसरों की तलाशी ली जा रही है उनमें संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासीय एवं व्यावसायिक कार्यालय शामिल हैं। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
यह मामला आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसी का दावा है कि जांच के दौरान अरोड़ा से संबद्ध संस्थाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग किए जाने के संकेत मिले हैं।
ईडी के अनुसार, 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद दर्शाई गई और बाद में उनके निर्यात के माध्यम से दुबई से भारत में अवैध धन की राउंड-ट्रिपिंग की गई। एजेंसी का आरोप है कि इनपुट टैक्स क्रेडिट, निर्यात पर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का गलत लाभ लेने के लिए दिल्ली की गैर-मौजूद फर्मों से फर्जी जीएसटी खरीद बिल प्राप्त किए गए।
ईडी का कहना है कि इस कथित धोखाधड़ी से सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि आरोपियों को अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ।
