छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध समीक्षा आवश्यक है। अधिकारियों को विभागीय लक्ष्यों की सतत निगरानी कर अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, टीबी मुक्त भारत अभियान, सेवा सेतु तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने इन योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने विभागों में रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी रखने और भर्ती प्रक्रिया को गति देने पर भी जोर दिया। कर्मचारी चयन मंडल के कार्यों की प्रगति के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
