नई दिल्ली: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट में ‘कानून, न्याय और विधि शिक्षा पर मासिक व्याख्यान श्रृंखला’ शुरू किए जाने की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य कानून, न्याय और समाज से जुड़े समकालीन एवं महत्वपूर्ण विषयों पर नियमित संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक संस्थागत मंच उपलब्ध कराना है।
“One important idea. Every month.” की अवधारणा पर आधारित इस व्याख्यान श्रृंखला में न्यायपालिका, बार, विधि शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और युवा विधि विशेषज्ञों को एक साथ लाया जाएगा। इसके माध्यम से ऐसे विषयों पर चर्चा की जाएगी, जो देश की कानूनी व्यवस्था के साथ-साथ व्यापक समाज के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
यह पहल सुप्रीम कोर्ट के एक निरंतर बौद्धिक एवं संवादात्मक मंच के रूप में विकसित की जाएगी। प्रत्येक व्याख्यान में किसी समकालीन और महत्वपूर्ण विषय पर केंद्रित चर्चा होगी, जिससे कानून और न्याय व्यवस्था से जुड़े विभिन्न दृष्टिकोणों को सामने लाया जा सके।
CJI सूर्यकांत व्याख्यान श्रृंखला के विषयों, वक्ताओं और इसके समग्र स्वरूप का मार्गदर्शन करेंगे। इस पहल से कानूनी शोध एवं अध्ययन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ न्यायपालिका, बार और अकादमिक जगत के बीच सार्थक संवाद को भी मजबूत करने की उम्मीद है।
