गुण्डरदेही। बालोद जिले के गुण्डरदेही क्षेत्र अंतर्गत सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान साकेत विश्वकर्मा (24 वर्ष) पिता चिंताराम विश्वकर्मा, निवासी ग्राम दनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साकेत अपनी मोटरसाइकिल से सिकोसा से अर्जुंदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से सिकोसा की ओर आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और साकेत विश्वकर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि साकेत विश्वकर्मा रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा पिकअप चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
