बिलासपुर जिले के बोदरी स्थित फारच्युन एलीमेंट परिसर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में जेसीबी मशीन के हेल्पर की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरी जा रही थी। अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आने से हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे चकरभाठा थाना क्षेत्र के फारच्युन एलीमेंट बोदरी में जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना टायर फटने से हुई प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद का दृश्य देखा जा सकता है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
