गुरूर क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में 34 वर्षीय युवक का शव उसके घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गुरुवार को गुरूर स्थित मर्च्युरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक धन्नूलाल चंदेल पिछले लगभग चार वर्षों से अपनी मां अश्वनी बाई चंदेल के साथ रह रहा था। बताया गया कि पत्नी से तलाक होने के बाद वह अकेले अपनी मां के साथ जीवन यापन कर रहा था। वहीं उसका बड़ा भाई टिकेश्वर चंदेल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग निवास करता है।
फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। गुरूर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
