समर वेकेशन के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तैयार, सोमवार से सभी मामलों की नियमित सुनवाई

High Court of Chhattisgarh - Bilaspur

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में समर वेकेशन समाप्त हो गए हैं। इसके साथ ही सोमवार, 15 जून से हाईकोर्ट की सभी निर्धारित बेंचों में नियमित सुनवाई फिर से शुरू होगी। आगामी सप्ताह के लिए कोर्ट की कॉज लिस्ट भी जारी कर दी गई है।

हाईकोर्ट में 18 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रारंभ हुआ था, जो अब समाप्त हो गया है। अवकाश अवधि के दौरान आवश्यक और अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई के लिए प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग वेकेशन बेंचों का गठन किया गया था। इस दौरान सप्ताह में दो दिन डिवीजन बेंच के साथ-साथ सिंगल बेंचों में भी सुनवाई होती रही और कई महत्वपूर्ण आदेश एवं निर्णय पारित किए गए।

समर वेकेशन समाप्त होने के बाद अब न्यायिक कार्यवाही पूर्व की तरह सामान्य रूप से संचालित होगी। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट प्रशासन पहले ही वर्क फ्रॉम होम की अनिवार्यता समाप्त कर चुका है। ऐसे में सोमवार से नियमित कामकाज शुरू होने पर अधिवक्ता कोर्ट रूम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने मामलों की पैरवी करेंगे।

हालांकि, न्यायालय द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की सुविधा भी पूर्ववत जारी रहेगी, जिससे पक्षकारों और अधिवक्ताओं को आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन माध्यम से भी सुनवाई में शामिल होने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।