भिलाई में आईसीएआई की कार्यशाला आयोजित, लेबर कोड्स और रेरा पर विशेषज्ञों ने दी विस्तृत जानकारी

ICAI Bhilai Organises Workshop on Labour Codes and RERA Compliance

आईसीएआई भिलाई शाखा (सीआईआरसी) द्वारा कमर्शियल लॉज एवं इकोनॉमिक एडवाइजरी कमेटी, आईसीएआई के सहयोग से लेबर कोड्स एवं रेरा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आईसीएआई भवन, न्यू सिविक सेंटर, भिलाई में किया गया। कार्यशाला में लगभग 60 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, विद्यार्थियों एवं पेशेवरों ने भाग लेकर अपने व्यावसायिक ज्ञान को समृद्ध किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए सुखदेव राठी के स्वागत एवं उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि बदलते व्यावसायिक और नियामकीय परिवेश में श्रम कानूनों तथा रेरा से संबंधित प्रावधानों की समझ पेशेवरों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में जयपुर से क्षेत्रीय परिषद सदस्य (सीआईआरसी) सीए रुचि गुप्ता ने न्यू लेबर कोड्स पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने नई श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं तथा उद्योग और व्यवसायों पर उनके व्यावहारिक प्रभावों की जानकारी साझा की।

द्वितीय तकनीकी सत्र में इंदौर से क्षेत्रीय परिषद सदस्य (सीआईआरसी) एवं भिलाई शाखा के एक्स-ऑफिशियो सदस्य सीए आनंद जैन ने रियल एस्टेट डायनेमिक्स, रेरा अनुपालन और स्टाम्प ड्यूटी के प्रभाव विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने रेरा के अंतर्गत आवश्यक अनुपालनों के साथ-साथ रियल एस्टेट क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में सीआईसीएएसए सीआईआरसी के चेयरमैन सीए नितिन गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों और सदस्यों को सतत अध्ययन, कौशल विकास और व्यावसायिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शाखा के पूर्व अध्यक्ष सीए हर्ष जैन, सीए मनीष जैन, सीए राकेश धोड़ी, सीए प्रफुल कोठारी एवं सीए राजेश बाफना सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। वहीं शाखा के उपाध्यक्ष सीए दिलीप कुमार जैन, सचिव सीए प्रतीक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीए प्रभजीत सिंह जग्गी, सीआईसीएएसए चेयरमैन सीए तलबिंदर सिंह सैनी एवं एक्स-ऑफिशियो सदस्य सीए आनंद जैन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।