कटघोरा। गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को उप जेल कटघोरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली गतिविधि के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर बंदियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और शांति के आदर्शों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया।
बंदियों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों का न्यायाधीशों द्वारा निरीक्षण किया गया और उनकी रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके भीतर सकारात्मक एवं रचनात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा श्री शीलू सिंह, तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश श्री हेमंत रात्रे, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी श्री लोकेश पटले, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी कु. रंजू वैष्णव, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी न्यायाधीश प्रेरणा वर्मा, अधिवक्ता श्री खेमचंद नामदेव, सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती सीमा उरांव तथा पैरालीगल वॉलेण्टियर श्री तलवीर सिंह उपस्थित रहे।
