विश्व पर्यावरण दिवस पर सूरजपुर जिला न्यायालय और डीएलएसए का वृहद वृक्षारोपण अभियान, तीन परिसरों में लगाए गए सैकड़ों पौधे

VINITA WARNER

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) एवं जिला न्यायालय सूरजपुर के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती विनीता वार्नर के मार्गदर्शन और नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल कार्यालय के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं, शिक्षकों, जेल प्रशासन तथा न्यायालयीन कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष तीन प्रमुख परिसरों का चयन कर योजनाबद्ध तरीके से पौधरोपण किया गया। न्यायिक कर्मचारियों के निर्माणाधीन आवास परिसर की बाउंड्रीवाल के समीप पौधे लगाए गए, ताकि भविष्य में यहां रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके। इसके साथ ही स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच प्रकृति के प्रति जागरूकता और प्रेम विकसित करने के उद्देश्य से पौधरोपण किया गया। वहीं जिला जेल सूरजपुर परिसर में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने और बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालने का प्रयास किया गया।

अभियान के दौरान भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आंवला, आम, कटहल जैसे फलदार पौधों के साथ अशोक एवं अन्य छायादार और शोभायमान पौधे लगाए गए। इस अवसर पर जिले के समस्त न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, डीएलएसए कर्मचारी और न्यायालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती विनीता वार्नर ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक संरक्षण और देखभाल करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख करने का आह्वान किया।