नई दिल्ली में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन संपन्न, पीएम मोदी ने समयबद्ध कार्रवाई पर दिया जोर

18th BRICS Summit

नई दिल्ली, 13 सितंबर 2026: नई दिल्ली में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आज संपन्न हो गया। दो दिवसीय सम्मेलन के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रिक्स की विविधता उसकी पहचान, सहयोग उसकी प्रेरणा और उसकी प्रगति मानवता के हित में होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स केवल देशों का समूह नहीं, बल्कि समाधानों का एक पारिस्थितिकी तंत्र है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में हुई चर्चाओं ने इस विश्वास को और मजबूत किया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन में अपनाया गया नई दिल्ली घोषणापत्र साझा दृष्टिकोण और भविष्य के सहयोग को स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन के परिणामों को समयबद्ध तरीके से लागू करने और अंतिम छोर तक ठोस प्रभाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इससे पहले उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स समूह के भीतर लचीलापन बढ़ाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महामारी, जलवायु आपदाओं और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में कोई भी संकट केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता।