कवर्धा में नेशनल लोक अदालत का बड़ा परिणाम: 28,953 लंबित प्रकरणों का निराकरण, 72.60 लाख रुपए से अधिक की राशि का निपटारा

The Rajpatra Law

कवर्धा । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार शनिवार को प्रदेशभर में तालुका न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय स्तर तक नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कबीरधाम के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय कवर्धा तथा तहसील न्यायालय पंडरिया में नेशनल लोक अदालत संपन्न हुई।

लोक अदालत को विशेष रूप से यादगार बनाने के लिए जिला न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जहां पक्षकारों ने स्मृति स्वरूप तस्वीरें खिंचवाईं।

इस आयोजन के लिए जिले में कुल 12 खंडपीठों का गठन किया गया, जिनमें 11 खंडपीठ जिला मुख्यालय कवर्धा एवं 1 खंडपीठ व्यवहार न्यायालय पंडरिया में स्थापित की गई। लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, चेक बाउंस मामले, व्यवहार वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, परिवार न्यायालय के वैवाहिक विवाद तथा प्री-लिटिगेशन मामलों जैसे बिजली बिल, दूरभाष, बैंक ऋण एवं जलकर से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया गया।

खंडपीठ क्रमांक 01 में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कु. संघरत्ना भतपहरी ने मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों में 52 लाख 25 हजार रुपए की अवार्ड राशि पारित की। वहीं खंडपीठ क्रमांक 02 में परिवार न्यायालय के पीठासीन अधिकारी श्री प्रवीण कुमार प्रधान ने वैवाहिक विवाद से जुड़े 25 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 1 लाख 61 हजार 700 रुपए की राशि का निपटारा किया तथा अनेक परिवारों में आपसी सहमति से दांपत्य संबंधों की पुनर्स्थापना हुई।

खंडपीठ क्रमांक 03 में पीठासीन अधिकारी श्रीमती योगिता विनय वासनिक द्वारा विद्युत मामलों में 2 लाख 47 हजार 727 रुपए की वसूली कर प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त राजस्व न्यायालयों में 22,932 लंबित प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण हुआ।

नगर पालिका कवर्धा ने जलकर एवं अन्य करों से संबंधित 221 प्रकरणों का निपटारा करते हुए 1 लाख 38 हजार 689 रुपए की वसूली की।

इस प्रकार नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कबीरधाम जिले में कुल 28,953 लंबित प्रकरणों का निराकरण किया गया तथा 72 लाख 60 हजार 583 रुपए की राशि का निपटारा हुआ।