सारंगढ़, 23 अगस्त। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिले के पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और आमजन को बेहतर एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पुलिस विभाग के विभिन्न पोर्टल और ऑनलाइन सिस्टम में की जाने वाली प्रविष्टियों की भी समीक्षा की गई। आईजी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड समयबद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित रखे जाएं। उन्होंने थाना स्तर के भौतिक अभिलेखों और ऑनलाइन रिकॉर्ड में पूर्ण समानता बनाए रखने तथा विभागीय कार्यों में उपलब्ध तकनीकी प्रणालियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए केवल अपराधों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुलिस को आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह भी रहना होगा। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
आईजी के निर्देशों के तत्काल अनुपालन को लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित किया जाए और अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग के साथ प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रियता से कार्य किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को रिकॉर्ड एवं विभिन्न पुलिस पोर्टलों की प्रविष्टियों को दुरुस्त रखने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल, एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी नेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा नागरिकों को प्रभावी, त्वरित एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।
