बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को बिलासपुर के सरकंडा में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्थापित यह ग्रेन एटीएम सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को आम जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह पहल सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और सुगम सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से राशन वितरण की प्रक्रिया को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की कार्यप्रणाली
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और तकनीक आधारित है। हितग्राही को मशीन के निर्धारित स्थान पर खड़े होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के लिए फिंगरप्रिंट देना होता है। प्रमाणीकरण के बाद मशीन की स्क्रीन पर हितग्राही के लिए उपलब्ध राशन और उसकी निर्धारित मात्रा प्रदर्शित होती है।
मात्रा की पुष्टि करने के बाद हितग्राही अपना खाली बैग या थैला मशीन के डिस्पेंसर के नीचे रखता है और डिस्पेंस बटन दबाता है। इसके बाद कुछ ही सेकंड में निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न स्वतः मशीन से निकलकर बैग में भर जाता है। राशन प्राप्त होने के बाद हितग्राही स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेश की पुष्टि करता है।
इस व्यवस्था से राशन वितरण में मानवीय त्रुटियों को कम करने, समय की बचत करने और हितग्राहियों को त्वरित एवं सटीक सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, तकनीक आधारित वितरण प्रणाली से राशन की मात्रा और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
मशीन के प्रदर्शन को लेकर दिखा उत्साह
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। कार्यक्रम में मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। उपस्थित नागरिकों और राशन कार्डधारी हितग्राहियों ने मशीन की कार्यप्रणाली, सटीक तौल और त्वरित वितरण व्यवस्था की सराहना की।
हितग्राहियों ने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बना सकती है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही राशन वितरण में होने वाली संभावित मानवीय त्रुटियों को कम करने में भी मदद मिलेगी।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी बदलाव की पहल
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक के बढ़ते उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य राशन कार्डधारियों को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध खाद्यान्न वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से स्थापित यह व्यवस्था सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयासों को नई गति दे सकती है। इससे राशन वितरण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने और हितग्राहियों तक निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न पहुंचाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक श्री नितिन दीवान, विश्व खाद्य कार्यक्रम की सुश्री नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
