प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोण्डागांव के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी की अध्यक्षता में विश्राम गृह, नारायणपुर में मॉनिटरिंग सेल एवं हिट एंड रन समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने न्यायालयीन अधोसंरचना के विकास और सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में अपर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नारायणपुर जितेंद्र कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक रॉबिसन गुडिया, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंच भाई, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मॉनिटरिंग सेल की बैठक के दौरान नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण, न्यायालय परिसर में पीड़ित सहायता कक्ष की स्थापना, दिव्यांगजनों के लिए सुलभ प्रसाधन कक्ष सहित न्यायालय की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके बाद हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए अज्ञात वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को क्लेम क्षतिपूर्ति समय पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दुर्घटना से जुड़े आवश्यक दस्तावेज पुलिस एवं परिवहन विभाग के माध्यम से शीघ्र तैयार कर संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं, ताकि पात्र पीड़ितों और उनके परिजनों को निर्धारित मुआवजा समय पर मिल सके।
